जागरण टुडे, कासगंज
सोरों (कासगंज)। थाना क्षेत्र के गांव भौपुर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव फतेपुर कला निवासी धर्मेंद्र पुत्र राजेश (उम्र करीब 18 वर्ष) अपने साथी गुलशन पुत्र रघुवीर (उम्र करीब 16 वर्ष) के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से गांव धेलासराय में दावत खाने जा रहा था। शाम करीब 7:27 बजे सलेमपुर बीबी से आगे भौपुर गांव के पास उनकी बाइक को अज्ञात ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गुलशन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भिजवा दिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।