जागरण टुडे, कासगंज
जनपद के गंजडुंडवारा क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब चाऊमीन में तेज मिर्च को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच कहासुनी हो गई। मामूली बात ने इतना तूल पकड़ा कि पुलिस बुलानी पड़ी और अंततः दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। समझौते के बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
धूमधाम से पहुंची थी बारात
नगर के कैनाल रोड स्थित श्रीराम गेस्ट हाउस में नगला मानसिंह, थाना दरियागंज निवासी मलिक सिंह अपनी पुत्री की शादी कर रहे थे। विवाह सिढपुरा क्षेत्र के गांव बिचौला निवासी स्वर्गीय शिवशंकर के पुत्र से तय हुआ था। बारात पूरे उत्साह के साथ पहुंची, स्वागत-सत्कार और अन्य रस्में भी संपन्न हो गईं।
खाने की टेबल पर बिगड़ा माहौल
भोजन के दौरान चाऊमीन में मिर्च अधिक होने की बात पर बारातियों और घरातियों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले जाया गया।
दुल्हन का सख्त फैसला
थाने में समझाने-बुझाने की कोशिश हुई, लेकिन घटनाक्रम से आहत दुल्हन ने शादी से साफ इंकार कर दिया। उसने कहा कि जो लोग छोटी सी बात पर विवाद खड़ा कर सकते हैं, वे आगे चलकर साथ कैसे निभाएंगे। अंततः दोनों पक्षों में सहमति बनी कि विवाह नहीं होगा।
पुलिस के अनुसार, आपसी समझौते के बाद मामला शांतिपूर्वक निपटा लिया गया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।