जागरण टुडे,कासगंज
गंजडुंडवारा (कासगंज)। एटा–गंजडुंडवारा मार्ग पर चौंडियाई गांव के पास नहर पुल पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, अंकवर नगर पलिया निवासी हीरालाल (25) पुत्र मन्नालाल अपनी बुआ श्रीदेवी के यहां हमीरपुर (थाना क्षेत्र सिद्धपुरा) से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। चौंडियाई गांव के पास नहर पुल पर सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए हीरालाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजनों के मुताबिक अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
हीरालाल अपने परिवार में सबसे छोटे थे। बड़े भाई बंटू (27), बहनें प्रभा (18) व कीर्ति (23) और मां प्रेमलता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरी बाइक पर सवार अंखतऊ निवासी विजय (30) पुत्र वीरपाल भी घायल हुआ है। उसे सीएचसी गंजडुंडवारा में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई है।
हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने नहर पुल पर तेज रफ्तार और संकरी सड़क को दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।