जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद कासगंज में यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह के कथित अभद्र व्यवहार और बिना वजह चालान काटने के आरोपों को लेकर रोडवेज बस कर्मी हड़ताल पर चले गए। नाराज़ कर्मचारियों ने अपनी बसों को रोडवेज परिसर में खड़ा कर दिया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री बस अड्डे पर घंटों इंतजार करते नजर आए।
बस चालक सचिन ने बताया कि एक दिव्यांग युवक बस में चढ़ गया था, जो यात्रियों से पैसे मांग रहा था। चालक के अनुसार, उसे बस से उतारा जा रहा था, तभी यातायात प्रभारी ने बस का चालान कर दिया। कर्मियों का आरोप है कि आए दिन बिना ठोस कारण के चालान काटे जाते हैं और कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात की जाती है, जिससे उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है।
रोडवेज कर्मियों का कहना है कि वे नियमों का पालन करते हैं, लेकिन उन्हें अनावश्यक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। हड़ताल के चलते कई रूटों की बस सेवाएं प्रभावित रहीं और यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि कुछ रोडवेज चालक सड़क पर आड़ी-तिरछी बसें खड़ी कर सवारी भरते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है और मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासनिक स्तर पर मामले को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बस संचालन सुचारू रूप से शुरू हो सके और यात्रियों को राहत मिल सके।