Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS मीना मार्केट में दीवार काटकर मेडिकल स्टोर में लाखों की चोरी, डॉग स्क्वॉड टीम जांच में जुटी

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 23, 2026

KASGANJ NEWS मीना मार्केट में दीवार काटकर मेडिकल स्टोर में लाखों की चोरी, डॉग स्क्वॉड टीम जांच में जुटी

जागरण टुडे,कासगंज।

शहर के व्यस्त क्षेत्र मीना मार्केट में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक मेडिकल स्टोर की दीवार काटकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया है, जो चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दवा व्यवसायी अमित गर्ग उर्फ डब्बू भाई का थोक मेडिकल स्टोर “राजलक्ष्मी एंड सन्स” के नाम से संचालित है। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया। चोर दुकान में रखा करीब तीन लाख रुपये का नकद धन और सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर अपने साथ ले गए, जिससे साक्ष्य मिटाने का प्रयास माना जा रहा है।


सोमवार सुबह जब संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। गल्ला खाली देखकर उन्हें चोरी की घटना का अंदेशा हुआ। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।


डॉग स्क्वॉड टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस आसपास लगे अन्य प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। प्रथम दृष्टया यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है, क्योंकि चोर दीवार काटने के उपकरणों के साथ आए थे और साक्ष्य मिटाने के लिए डीवीआर भी साथ ले गए।

मेडिकल स्टोर संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। शहर के बीचोंबीच हुई इस घटना से व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.