जागरण टूडे,कासगंज।
जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 33 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सोरों क्षेत्र के गांव महमूदपुर पुख्ता निवासी नरेश पुत्र सौदान सिंह यादव (उम्र 33 वर्ष) गांव में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक करने के लिए विद्युत पोल पर चढ़ा था। बताया जा रहा है कि जिस खंभे पर वह चढ़ा था, उसके ऊपर से 11 हजार केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक एक बंदर पोल पर आ गया, जिससे नरेश का संतुलन बिगड़ गया और वह 11 हजार केवी की लाइन की चपेट में आ गया।
तेज करंट लगते ही नरेश गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोरों जगदीश चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला करंट लगने से हुई आकस्मिक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते, जिससे इस तरह की घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग विद्युत विभाग से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग कर रहे हैं।