जागरण टुडे,कासगंज।
सदर तहसील परिसर में सोमवार दोपहर एक स्टांप वेंडर के साथ चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात उचक्का स्टांप वेंडर के बिस्तर से नकदी और लैपटॉप से भरा बैग चोरी कर फरार हो गया। घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सदर तहसील में कार्यरत स्टांप वेंडर राजेंद्र कुमार राजपूत अपने निर्धारित स्थान पर कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद किसी समय उन्होंने अपना बैग पास में रखे बिस्तर पर रखा हुआ था। बैग में करीब 96,500 रुपये की नकदी और एक लैपटॉप रखा था, जिसका उपयोग वह दस्तावेज तैयार करने के लिए करते थे। इसी दौरान मौका पाकर एक उचक्का बैग लेकर चुपचाप फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब राजेंद्र कुमार ने अपना बैग नहीं देखा तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। आसपास तलाश करने के बावजूद बैग का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तहसील परिसर और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
घटना के बाद अन्य स्टांप वेंडरों और अधिवक्ताओं में भी चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि तहसील परिसर में अक्सर भीड़भाड़ रहती है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।