Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS मथुरा-बरेली हाईवे पर डंपर और कैंटर की जोरदार टक्कर, चालक केबिन में फंसा; राहगीरों ने बचाई जान

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 24, 2026

KASGANJ NEWS मथुरा-बरेली हाईवे पर डंपर और कैंटर की जोरदार टक्कर, चालक केबिन में फंसा; राहगीरों ने बचाई जान

जागरण टुडे, कासगंज।

जिले के मथुरा-बरेली रोड पर नगरिया (न्योली) शुगर मिल के सामने मंगलवार को डंपर और कैंटर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के केबिन में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा नगरिया और कछला के बीच हुआ। तेज रफ्तार में आ रहे डंपर और कैंटर की आमने-सामने टक्कर से जोरदार आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कैंटर चालक की पहचान सुधीर कुमार के रूप में हुई है। टक्कर के बाद वह केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया था और बाहर निकलने में असमर्थ था।


मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को आंशिक रूप से हटाकर चालक को बाहर निकाला गया। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।

घायल चालक सुधीर कुमार को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, उसे गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए मथुरा-बरेली हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह हो सकती है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.