जागरण टुडे, बरेली
जनपद बरेली के बारादरी थाना परिसर में मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक डिलीवरी बॉय ने पुलिस से तंग आकर खुद के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताते हैं कि युवक अपनी बाइक लेने के लिए पिछले कई दिनों से बारादरी थाने के चक्कर लगा रहा था।
जानकारी के मुताबिक कस्बा फतेहगंज पश्चिमी निवासी 32 वर्षीय अक्षय कुमार कश्यप पुत्र देवकी नंदन बरेली शहर में किराए पर रहकर डिलीवरी का काम करता है। सोमवार रात गंगापुर क्षेत्र में डिलीवरी के दौरान उसकी बाइक दुकान के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि संजय नगर निवासी विकास सागर उसकी बाइक लेकर भागने लगा। तभी उसने एक युवक को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर थाने में खड़ी कर दी।
युवक का आरोप है कि अक्षय पिछले कई दिनों से अपनी बाइक वापस लेने के लिए बारादरी थाने के चक्कर काट रहा था, लेकिन पुलिस ने उसकी बाइक नहीं दी। इसकी वजह से वह काम पर नहीं जा पा रहा था। आर्थिक संकट आने से वह मानसिक तनाव में आ गया। आखिरकार मंगलवार देर रात वह बारादरी थाने पहुंचा और गेट पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे अक्षय को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर कई अफसरों ने जिला अस्पताल जाकर अक्ष्य से घटना के बारे में जानकारी ली।
थाना प्रभारी धनंजय पांडेय का कहना है कि बाइक थाने में सुरक्षित खड़ी है और शिकायत मिलने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सवाल यह है कि यदि वाहन सुरक्षित था, तो उसे समय पर लौटाया क्यों नहीं गया?