30 किलो रंगीन कचरी और 208 किलो सरसों तेल सीज, मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी
होली के मद्देनजर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को भी ताबड़तोड़ छापेमारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के निर्देशन में गठित टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 13 नमूने संग्रहित किए। संदिग्ध खाद्य सामग्री को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के अनुसार छापामार टीम ने करगैना में चौधरी डेरी एंड कन्फैक्शनरी से पनीर का नमूना लिया। वहीं, गुज्जर डेरी एंड स्वीट्स से खोया का नमूना भरा गया। साहू ट्रेडर्स, बाजार करगैना से रंगीन कचरी और सरसों तेल का एक-एक नमूना लिया गया। इसी दुकान से 30 किलो रंगीन कचरी (कीमत 1350 रुपये) और 208.4 किलो सरसों तेल (कीमत 27,092 रुपये) सीज किया गया।
आंवला कस्बे में गंज त्रिपोलिया स्थित श्री हरि स्वीट्स से छेना मिठाई और खोया बर्फी का एक-एक नमूना लिया गया। राज स्वीट्स से बेसन के लड्डू का नमूना भरा गया। शहदाना स्थित एनडी इंटरनेशनल से सरसों तेल और रिफाइंड पामोलिन ऑयल का एक-एक नमूना लिया गया। रामपुर गार्डन सिविल लाइंस स्थित आशुतोष इंटरप्राइजेज से सरसों तेल, ड्राई फ्रूट गुजिया और अमूल ब्रांड पनीर के नमूने संग्रहित किए गए।
आईजीआरएस पर मिली शिकायत के आधार पर सुभाषनगर स्थित अजन्ता स्वीट्स से आलू पैटीज का नमूना लिया गया। वहीं, किला क्षेत्र एक मीट की दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के आधार पर सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, उत्तर प्रदेश को भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।