Tuesday, March 31, 2026

साइकिल सवार को बचाने में ‘आग का गोला’ बनी कार: सिकहरा के पास हाईटेंशन पोल से टकराई, ग्रामीणों की बहादुरी से बची चालक की जान

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 26, 2026

साइकिल सवार को बचाने में ‘आग का गोला’ बनी कार: सिकहरा के पास हाईटेंशन पोल से टकराई, ग्रामीणों की बहादुरी से बची चालक की जान

कासगंज के थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव सिकहरा के पास सिढ़पुरा-गंजडुंडवारा मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सामने से आ रही लहराती साइकिल को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।


हादसे में कार चालक जहीम अहमद पुत्र अकील अहमद, निवासी किदवई नगर, सिढ़पुरा गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए धधकती कार का दरवाजा खोलकर चालक को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की थाना गंजडुंडवारा टीम व डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा भिजवाया गया।

घायल के भाई ने बताया कि ग्रामीणों ने फोन पर हादसे की सूचना दी थी। जब वे मौके पर पहुंचे तो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सामने से आ रही साइकिल को बचाने के प्रयास में कार अचानक असंतुलित हो गई और सीधे हाईटेंशन पोल से जा भिड़ी। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी। उन्होंने बताया कि यह कार जहीम को उनकी शादी में मिली थी और वाहन उनकी पत्नी के नाम पंजीकृत है।

परिजनों के अनुसार घटना लगभग दोपहर 12:30 बजे की है। जहीम अहमद निजी कार्य से गंजडुंडवारा गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। सीएचसी के चिकित्सकों ने बताया कि घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और तेज पानी की बौछार से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर पोल से टकराने के कारण प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पीड़ित परिवार ने ग्रामीणों की तत्परता और बहादुरी की सराहना की है, जिनकी सूझबूझ और साहस से समय रहते चालक की जान बचाई जा सकी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.