जागरण टुडे, गुड्डू यादव कासगंज।
होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। त्योहार के दौरान बाजारों में मिठाई, खोया, पनीर, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क है। पिछले सात दिनों में की गई कार्रवाई के दौरान 17 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि 152 किलोग्राम खराब एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों, मिठाई की दुकानों और थोक विक्रेताओं के यहां छापेमारी की। जांच के दौरान कई स्थानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए साफ-सफाई और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता अत्यंत खराब मिली, उन्हें जब्त कर नियमानुसार नष्ट कराया गया।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के समय उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यापारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।
इस लगातार चल रही कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति है। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली तक यह विशेष अभियान जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना विभाग को दें।