जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा (कासगंज)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गंजडुंडवारा कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने की, जबकि संचालन व्यवस्था में कोतवाली प्रभारी राधेश्याम की सक्रिय भूमिका रही।
बैठक में सीओ संदीप वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग, नई परंपरा या माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की पैनी नजर असामाजिक तत्वों पर रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित स्थानों पर ही होगा होलिका दहन
सीओ ने निर्देश दिए कि होलिका दहन केवल प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए। होलिका की ऊंचाई तय मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। सार्वजनिक मार्गों, विद्युत लाइनों और ज्वलनशील स्थानों के पास होलिका जलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उन्होंने दो टूक कहा कि पूर्व से चली आ रही परंपराओं के अतिरिक्त किसी भी नए आयोजन या जुलूस मार्ग में परिवर्तन के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक होगी।
युवाओं को नशामुक्त होली की अपील
सीओ संदीप वर्मा ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। त्योहार की खुशी किसी के लिए हादसे का कारण न बने। पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
रंग में भंग डालने वालों पर रहेगी पैनी नजर
कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी और जहां आवश्यक होगा, वहां सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत तथा कंट्रोल रूम स्थापना के निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
अंत में सीओ संदीप वर्मा ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सभी लोग आपसी सद्भाव, मर्यादा और कानून का पालन करते हुए त्योहार मनाएं।
इस दौरान सुमित विजयवर्गीय, राम कुमार सिंह, पंकज सोलंकी, डा० संजय, बबलू कुरैशी, अमित प्रकाश, के के मिश्रा, गंगा प्रसाद शाक्य, अनिल माथुर सहित कई लोग मौजूद रहे।