जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज से लखनऊ जाने वाले दैनिक यात्रियों को आगामी डेढ़ माह तक असुविधा का सामना करना पड़ेगा। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कानपुर पुल बायाँ किनारा–कानपुर सेंट्रल के मध्य ब्रिज संख्या 110 पर इंजीनियरिंग कार्य के लिए 42 दिन का मेघा ब्लॉक लिया जा रहा है।
इसके चलते 55345 लखनऊ जं.–कासगंज सवारी गाड़ी को 02 अप्रैल से 14 मई 2026 तक तथा 55346 कासगंज–लखनऊ जं. सवारी गाड़ी को 01 अप्रैल से 13 मई 2026 तक कुल 43 फेरों के लिए निरस्त कर दिया गया है।
यह ट्रेन कासगंज से लखनऊ तक यात्रा करने वाले व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रमुख साधन मानी जाती है। अचानक निरस्तीकरण से रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों और बस सेवाओं का सहारा लेना पड़ेगा।
रेल प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय यात्री सुरक्षा और ट्रैक के सुदृढ़ीकरण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें।
रेल प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।