जागरण टुडे, कासगंज
अमांपुर (कासगंज)। कस्बे में मंगलवार सुबह होलिका दहन को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। गुड़मंडी स्थित होलिका दहन स्थल पर कुछ पंडितों द्वारा बिना पूर्व सूचना के होलिका में अग्नि प्रज्वलित करने का आरोप है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। घटना को लेकर वर्षों से चली आ रही परंपराओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए माहौल गरमा गया।
जानकारी के अनुसार, अमांपुर के गुड़मंडी क्षेत्र में हर वर्ष सामूहिक सहमति और निर्धारित समय के अनुसार होलिका दहन किया जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंडित गुड्डू और पंडित हरिओम ने पारंपरिक समय से पहले और क्षेत्रवासियों को बिना सूचना दिए ही मंगलवार सुबह होलिका में आग लगा दी।
कस्बे के लोगों का कहना है कि सोमवार को आपसी सहमति से यह तय हुआ था कि 4 मार्च की सुबह विधिवत रूप से होलिका दहन किया जाएगा। इसके बावजूद तय समय से पूर्व अग्नि प्रज्वलन किए जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उनका आरोप है कि इस तरह की मनमानी से सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध दर्ज कराया। विवाद बढ़ता देख लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस में शिकायत दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत सुनने के बाद लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की पड़ताल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल कस्बे में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।