जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के कस्बा भरगैन में शुक्रवार को एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के गले में मफलर का फंदा लगा हुआ था और चेहरे पर चोट के निशान थे। वह मेदपुर मार्ग पर एक टूटे हुए शीशम के पेड़ की जड़ के पास मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही कस्बे में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों की सूचना पर क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक गुलाब सिंह, फोरेंसिक टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
मृतक की पहचान कस्बा भरगैन के मोहल्ला बीच थोक निवासी 35 वर्षीय आदिल उर्फ डांगर पुत्र छोटे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आदिल बेलदारी का काम करता था और शराब पीने का आदी था। वह अविवाहित था और उसके परिजन गुजरात में रहते हैं।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार रात वह भारत और इंग्लैंड का क्रिकेट मैच देखने के बाद शराब पीने के लिए कहीं चला गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे राहगीरों ने उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक गुलाब सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।