जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव बमनपुरा स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बमनपुरा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है। विद्यालय के सात छात्र-छात्राओं के चयन से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
सफल विद्यार्थियों में आरती, यशप्रिया, लक्ष्मी, संजना, विजय गौरव, आकाश और लोकेश शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति आगामी चार वर्षों तक प्रदान की जाएगी। इस प्रकार प्रत्येक छात्र को कक्षा 9 से 12 तक कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी, जिससे उनकी शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इंचार्ज प्रधानाध्यापक संतोष राठौर ने सफल छात्रों को फूलमालाएं पहनाकर तथा पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इससे प्रेरणा लेकर मेहनत करने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह परीक्षा कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है। इसमें चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है, जिससे वे आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।