जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शनिवार को विकासखंड गंजडुण्डवारा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खंड विकास कार्यालय में तैनात एडीओ (आईएसबी) हरिशचंद्र के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर बीएमएम निकेत को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर के बाहर फैली गंदगी को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही उस स्थान को विकसित कर पार्क के रूप में तैयार करने के लिए भी निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी विकास कार्यों में लापरवाही न बरतें और शासन की योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराएं, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।