मुक्ता प्रसाद डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर रविवार को स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आसपास के गांवों में जाकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने ‘स्वच्छता ही सेवा है’ के संदेश को लेकर गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई की। इसके साथ ही उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया और आसपास का वातावरण साफ रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने लोगों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील भी की।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती प्रमिला गंगवार ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। अध्यक्षा ने इस अवसर पर सभी स्वयंसेवकों को कॉलेज परिसर और अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश पांडे ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्र समाज सेवा से जुड़ते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करते हैं। इस मौके पर डॉ. शबाब मियां सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाया।