जागरण टुडे, कासगंज
कासगंज के सोरों क्षेत्र के कछला बैरियर चौकी पर ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार होमगार्ड धीरेन्द्र सिंह चौहान (50) पुत्र गुलाब सिंह चौहान निवासी दुर्गा कॉलोनी मानपुर नगरिया, थाना सोरों की ड्यूटी सोमवार सुबह कछला चौकी पर लगी थी। भतीजे मोनू चौहान के मुताबिक सोमवार तड़के करीब चार बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।
सहकर्मियों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस व परिजन उन्हें तुरंत कस्बा नगरिया के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सीएचसी सोरों भेज दिया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल कासगंज रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिवार में दो बेटे सतेंद्र पाल सिंह (32) और प्रमोद कुमार (24) हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।