जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण फेरबदल किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत कई इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार तेज-तर्रार और अनुभवी पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर लोकेश भाटी को सोरों कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। उनसे पहले सोरों कोतवाली की जिम्मेदारी संभाल रहे इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र को अब ढोलना थाने का प्रभारी बनाया गया है।
इसी क्रम में ढोलना थाने में तैनात रहे इंस्पेक्टर गोविंद वल्लभ शर्मा को सहावर थाने की कमान सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इन बदलावों को कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वहीं पुलिस विभाग की सर्विलांस टीम में भी परिवर्तन किया गया है। सर्विलांस प्रभारी प्रेमपाल सिंह को अब पटियाली थाने का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा ढोलना थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर हरिविलाश सिंह को पुलिस अधीक्षक का वाचक नियुक्त किया गया है।
दूसरी ओर एसपी कार्यालय में वाचक के रूप में कार्यरत चंद्रेश गौतम को सहावर थाने में क्राइम इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। सहावर इंस्पेक्टर बृजकिशोर को लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने स्पष्ट किया है कि यह फेरबदल जनपद में अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने सभी नव नियुक्त प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।
जनपद में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए प्रभारियों के नेतृत्व में थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग और बेहतर होगी तथा अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।