जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज मे उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर गठित परीक्षा चयन समिति तथा संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि उपनिरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। जनपद में इसके लिए कुल 10 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 3,120 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि दोनों दिनों में कुल 12,480 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा अतिरिक्त सहायक केन्द्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। प्रश्न पुस्तिकाओं को कंट्रोल रूम से परीक्षा केन्द्रों तक सुरक्षित पहुंचाने और वापस लाने की जिम्मेदारी भी निर्धारित कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने निर्देश दिए कि ड्यूटी में लगाए गए सभी मजिस्ट्रेट और केन्द्र व्यवस्थापक निर्देश पुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन करें और किसी भी प्रकार की शंका को पहले ही स्पष्ट कर लें। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र का मूवमेंट प्रशासन और पुलिस की निगरानी में होगा। सभी परीक्षा केन्द्रों और स्ट्रांग रूम में अग्निशमन उपकरण लगाने तथा सीसीटीवी कैमरों के साथ पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गंगा प्रसाद, सभी सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सभी परीक्षा केन्द्रों के प्रधानाचार्य तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।