जागरण टुडे, कासगंज। गुड्डू यादव
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में अवैध शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने गांव में खुलेआम बिक रही शराब के विरोध में बरेली-मथुरा हाईवे को जाम कर दिया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कासगंज सदर कोतवाली के गांव नगला थान में अवैध शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। दर्जनों महिलाओं ने बरेली-मथुरा हाईवे पर पहुंचकर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं का आरोप है कि गांव में कई परचून की दुकानों पर खुलेआम अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि सुबह होते ही कई पुरुष शराब पी लेते हैं और उसके बाद घर पहुंचकर अपनी पत्नियों के साथ मारपीट करते हैं। महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब की वजह से कई परिवारों में रोज झगड़े हो रहे हैं और बच्चों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार स्थानीय प्रशासन और पुलिस से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद गांव में अवैध शराब की बिक्री बंद नहीं हो रही है। इसी के विरोध में मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर हाईवे जाम करना पड़ा।
हाईवे जाम होने से बरेली-मथुरा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव में अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद हाईवे पर यातायात फिर से सुचारु हो सका।