जागरण टुडे, कासगंज
जनपद कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र के गांव ककराला में गुरुवार देर रात एक महिला ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान गोल्डी (30) पत्नी विनोद निवासी ककराला के रूप में हुई है। मृतका के भाई गौरव पाल ने बताया कि गुरुवार दोपहर शराब को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद गुरुवार रात करीब नौ बजे गांव से करीब 200 मीटर दूर एक पेड़ पर धोती से फांसी का फंदा लगाकर गोल्डी ने जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मायके पक्ष का आरोप है कि गोल्डी की ससुरालियों ने उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया है।
मृतका अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।