जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा क्षेत्र में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से नगर में फ्लैग मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व सीओ संदीप वर्मा ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।
फ्लैग मार्च में सीओ संदीप वर्मा के साथ उपजिलाधिकारी प्रदीप विमल, सप्लाई इंस्पेक्टर भारत सांधियान तथा एआरओ सप्लाई मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए और किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी न होने दी जाए।
इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता और माप-तौल की व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। रेस्टोरेंट व अन्य प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई और नियमों के पालन को लेकर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान सीओ संदीप वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं है। लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों से घबराकर अनावश्यक गैस सिलेंडर की बुकिंग न करें। यदि कहीं भी अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर में सुरक्षा और भरोसे का संदेश दिया गया।