जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद कासगंज के सहावर तहसील क्षेत्र के याकूतगंज में जमीन पर अवैध कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ दबंग लोगों ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सहावर तहसील के याकूतगंज क्षेत्र में स्थित उनकी जमीन पर भरतपुर गांव के रहने वाले कुछ लोग जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोप है कि भरतपुर निवासी मनेंद्र, हनेंद्र, संनेद्र और गुरुदीप सहित अन्य लोगों ने जमीन पर अवैध रूप से पटिया लगाने का प्रयास किया।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुंचकर इसका विरोध करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी और मामला बढ़ने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने की मंशा से यह पूरी घटना की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना भी हो सकती है।
घटना के संबंध में पीड़ित ने उत्तर प्रदेश सरकार के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वह न्याय की उम्मीद में प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिन पर समय रहते कार्रवाई होना जरूरी है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।