जागरण टुडे,कासगंज।
जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह के निर्देशन में ढोलना थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आठ वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अन्य वांछित आरोपियों में भी भय का माहौल देखा गया।
थाना ढोलना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वीरपाल पुत्र रामसनेही निवासी ग्राम दौकेली, राशिद पुत्र हसमुद्दीन निवासी मोहल्ला कस्सावान बिलराम, अल्लाहमेहर पुत्र दीन मोहम्मद निवासी सिहोला, मलिखान सिंह पुत्र तेज सिंह निवासी ग्राम हरसैना, आकाश पुत्र मलिकाना सिंह निवासी ग्राम हरसैना दौलतराम उर्फ दौली पुत्र लालाराम निवासी बिरहरा, बनवारी लाल पुत्र किशन लाल निवासी तालिमपुर सराय तथा फूल सिंह पुत्र गंगाधर निवासी ग्राम तालिमपुर सराय थाना ढोलना शामिल हैं। पुलिस ने सभी को नियमानुसार हिरासत में लेकर पूछताछ की।
थाना पुलिस के अनुसार ये सभी आरोपी न्यायालय में चल रहे मामलों में वारंटी थे और लंबे समय से पेशी पर उपस्थित नहीं हो रहे थे। न्यायालय द्वारा इनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए अभियान चलाकर इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए सभी वारंटियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और फरार चल रहे अन्य वारंटियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे