Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : भाखड़ा पुल पर कैंटर ने कार को मारी टक्कर, परिवार बाल-बाल बचा

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 15, 2026

Bareilly News : भाखड़ा पुल पर कैंटर ने कार को मारी टक्कर, परिवार बाल-बाल बचा

जागरण टुडे,मीरगंज (बरेली)

बरेली जिले के मीरगंज तहसील क्षेत्र  क्षेत्र में भाखड़ा नदी पुल पर रविवार सुबह एक सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चालक फतेहगंज पश्चिमी कस्बे का निवासी बताया जा रहा है। वह रविवार सुबह अपने परिवार के साथ आंवला तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मनौना धाम में दर्शन करने के लिए जा रहा था। जब उसकी कार मीरगंज क्षेत्र में भाखड़ा नदी पुल पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने कार में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। सौभाग्य से कार में सवार सभी लोग सुरक्षित थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया, क्योंकि पुल पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी।

पुलिस के अनुसार कैंटर चालक की पहचान दिलबाग पुत्र गुरमीत सिंह के रूप में हुई है, जो पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और पीछे से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना माना जा रहा है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाने के बाद यातायात सामान्य कराया। घटना के बाद कुछ समय तक पुल पर लोगों की भीड़ भी जमा रही। फिलहाल इस मामले में किसी के घायल न होने से बड़ा हादसा टल गया और कार सवार परिवार सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.