जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय छात्रा का शव उसके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सोरों कोतवाली पुलिस को बीती देर शाम सूचना मिली कि क्षेत्र के फरीदनगर गांव निवासी गिरीश कुमार की पुत्री शीतल अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, मृतका शीतल बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी और गांव में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता गिरीश कुमार परिवार सहित बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। जैसे ही उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली, वह तुरंत गांव पहुंचे। बेटी का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल जारी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
इस दुखद घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। एक होनहार छात्रा की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।