जागरण टुडे, राहुल गुप्ता पटियाली (कासगंज):
पटियाली नगर पंचायत सभागार में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नामित सभासद एवं भाजपा जिला कार्यकारिणी के नव नियुक्त सह कोषाध्यक्ष गौरव प्रकाश गुप्ता को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चेयरमैन प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रोफेसर नीरज किशोर मिश्रा के नेतृत्व में हुआ, जहां बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक तरीके से हुई। प्रोफेसर नीरज किशोर मिश्रा ने गौरव गुप्ता को पटका पहनाकर, फूलमाला अर्पित कर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद उपस्थित अन्य कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गौरव गुप्ता को एक साथ दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना उनके प्रति पार्टी और शासन के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने आशा जताई कि वह दोनों दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे तथा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गौरव गुप्ता ने सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उन्हें वह पूरी मेहनत और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी और वे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि 14 मार्च को शासन द्वारा जारी सूची में पटियाली नगर पंचायत से तीन नामित सभासदों की घोषणा की गई थी, जिनमें गौरव प्रकाश गुप्ता, श्रीमती शिवानी और शिशुपाल सिंह के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही गौरव गुप्ता को भाजपा जिला कार्यकारिणी में सह कोषाध्यक्ष का दायित्व भी सौंपा गया है।
कार्यक्रम में सतेंद्र पांडे, कृष्ण कुमार शर्मा, अवधेश पांडे, अंकित दुबे, श्याम मोहन उपाध्याय, वैभव वार्ष्णेय, गोपाल दीक्षित, गौरव पांडे, धर्मेंद्र प्रधान, असलम, रूप किशोर, ओमकार दीक्षित, अंकित माथुर, अंश मिश्रा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।