जागरण टुडे, कासगंज।
कासगंज-मथुरा मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एटा जनपद के थाना मारहरा क्षेत्र के गांव साहुसपुर निवासी 47 वर्षीय राजपाल पुत्र टाल सिंह मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपने घर से अथैया चौराहा सब्जी लेने के लिए साइकिल से निकले थे।
बताया जाता है कि जैसे ही वह पिवारी और अथैया चौराहे के बीच कासगंज-मथुरा मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि राजपाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के चचेरे भाई दिनेश कुमार ने बताया कि राजपाल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके अचानक निधन से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि राजपाल अपने पीछे पत्नी हेमलता, मां शांति देवी और सात बच्चों—प्रीति, निर्मला, नीलम, चंद्रकांता, निशा, ममता और योगेश—को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।