मथुरा में नवसंवत्सर 2083 की पूर्व संध्या पर नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में आयोजित नववर्ष मेले का शुभारंभ बुधवार को विधि-विधान के साथ किया गया। सेठ बी०एन० पोद्दार इंटर कॉलेज परिसर में भूमि पूजन, हवन-यज्ञ और वेद मंत्रोच्चारण के बीच कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष यादवेंद्र अग्रवाल और उनकी पत्नी अंजना अग्रवाल यजमान के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धा भाव से हवन में आहुतियां देकर मेले की सफलता और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। हवन अनुष्ठान पंडित श्यामू चतुर्वेदी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने भी भाग लेकर धार्मिक वातावरण को और अधिक भव्य बना दिया।
हवन-पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें राजीव कृष्ण अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, अनिरुद्ध अग्रवाल, सुभाष सैनी, अजय अग्रवाल, गंगाधर अरोड़ा, विशाल रुहेला, मुकेश शर्मा, कान्हा, रामदास चतुर्वेदी, हरस्वरूप यादव, देवांशू शर्मा और लक्ष्मण पाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
नववर्ष मेला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नवसंवत्सर के अवसर पर आयोजित यह मेला धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का संगम होगा। मेले में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को भी अपनी विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।