जागरण टुडे, सोरों (कासगंज।
जनपद के सोरों थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान वीरेश (24) पुत्र प्रेमपाल निवासी ग्राम सलेमपुर बीबी, थाना सोरों के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरेश बुधवार शाम किसी आवश्यक कार्य से सोरों गया हुआ था। देर शाम लगभग 7:30 बजे वह अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों की ओर से घटना के संबंध में तहरीर भी दे दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच कर रही है।
मृतक के पिता प्रेमपाल ने बताया कि वीरेश ही परिवार का इकलौता सहारा था। वह खेती-बाड़ी कर पूरे परिवार का पालन-पोषण करता था। वीरेश की शादी वर्ष 2021 में श्वेता के साथ हुई थी। वर्तमान में उसकी पत्नी गर्भवती है और उसके पास ढाई वर्ष का एक मासूम बेटा गोलू भी है।
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गर्भवती पत्नी और छोटे बेटे के भविष्य को लेकर परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में हर किसी की आंखें नम हैं और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।