जागरण टुडे, पटियाली/कासगंज।
क्षेत्र के दरियांवगंज स्थित कंपोजिट विद्यालय में गुरुवार को एक भव्य पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया गया, जिससे विद्यालय का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूतपूर्व सैनिक एवं पूर्व प्राथमिक अध्यापक अब्दुल रज्जाक हुसैन तथा हरिविलाश माथुर रहे। इसके अलावा प्राथमिक अध्यापक यशवीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में बच्चों को मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पुरस्कार केवल सम्मान नहीं बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा होते हैं। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इसके बाद अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सम्मानित होने वाले छात्रों में खुशी, कामिनी, प्रिया, अंशिका, बृजबाला, पार्टी, रागनी, दिव्या, भावना, सुरभि, नव्या, जिगना, राघवेंद्र, मानव, देव, आरती, पलक, दुर्गा, पूनम, साधना, अंश, जॉनी राम, ललिता, अमन और सुहानी सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायक रहा। बच्चों ने अनुशासन और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।
अंत में प्रधान अध्यापक आशा देवी, चेतन सिंह, गोल्डी राठौर, रश्मि वर्मा और मानवेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रहेंगे।