आगामी ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मीरगंज आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी (सीओ) मीरगंज अजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ शाही क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष शाही राजेश कुमार बैसला भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे। टीम ने पुलिस चौकी दुनका एवं थाना शाही क्षेत्र में स्थित प्रमुख ईदगाहों का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई की स्थिति, नमाज के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया।
एसडीएम आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईद के मौके पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और लगातार निगरानी रखी जाए।
वहीं, सीओ अजय कुमार ने पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे।
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ ईद का पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं, जिससे क्षेत्र में शांति और सद्भाव बना रहे।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि ईद-उल-फितर को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि पर्व सकुशल और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।