Saturday, June 13, 2026

कासगंज के यात्रियों पर रेल पावर ब्लॉक की मार: लखनऊ पैसेंजर अनवरगंज तक सिमटी, कई एक्सप्रेस ट्रेनों के बदले रूट

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 20, 2026

कासगंज के यात्रियों पर रेल पावर ब्लॉक की मार: लखनऊ पैसेंजर अनवरगंज तक सिमटी, कई एक्सप्रेस ट्रेनों के बदले रूट

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कानपुर सेंट्रल स्टेशन और गंगा पुल के बीच ब्रिज नंबर-110 पर इंजीनियरिंग कार्य के चलते 1 अप्रैल से 13 मई तक ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस ब्लॉक का सीधा असर कासगंज से चलने व गुजरने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।

इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक संजीव शर्मा के मुताबिक 55346/55345 कासगंज-लखनऊ जंक्शन पैसेंजर अब लखनऊ तक नहीं जाएगी। यह ट्रेन 1 अप्रैल से 14 मई तक केवल अनवरगंज स्टेशन तक ही संचालित होगी, जबकि अनवरगंज से लखनऊ के बीच सेवा पूरी तरह निरस्त रहेगी।

वहीं 19615 उदयपुर सिटी-कामाख्या एक्सप्रेस छह, 13, 20, 27 अप्रैल तथा 4 व 11 मई को बदले हुए मार्ग से चलाई जाएगी। यह ट्रेन कासगंज-शाहजहांपुर-सीतापुर सिटी-बुढ़वल-गोरखपुर मार्ग से गुजरेगी। इसके चलते फर्रुखाबाद, गुरसहायगंज, कन्नौज, अनवरगंज, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम व मनकापुर स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।

इसके अलावा 20921 बांद्रा टर्मिनस-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस चार, 11, 18, 25 अप्रैल तथा 2 व 9 मई को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन कासगंज-शाहजहांपुर-आलमनगर होकर लखनऊ पहुंचेगी, जिससे फर्रुखाबाद, कन्नौज, अनवरगंज और कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर इसका ठहराव समाप्त रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.