आगामी अप्रैल माह में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जनपद बरेली के तहसील सभागार मीरगंज में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स (टीटीएफ) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अभियान शुरू होने से पहले विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार कर लें, ताकि हर स्तर पर कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैभव राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलेगा। इसके अंतर्गत साफ-सफाई, जलजनित और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के बीच 10 अप्रैल से “दस्तक अभियान” भी चलाया जाएगा, जिसके तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। साथ ही संभावित रोगियों की स्क्रीनिंग कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में फतेहगंज पश्चिमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉ. मयंक सागर, मीरगंज के खंड शिक्षा अधिकारी, बीपीएम, बीसीपीएम, आईओ, एनपीएसपी प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में सहयोग करें, ताकि क्षेत्र को संचारी रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।