जागरण टुडे कासगंज।
थाना ढोलना क्षेत्र के ग्राम भामो में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर महिला और उसके चार वर्षीय बेटे के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार 16 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने घर में खाना बना रही थी, जबकि उसका चार वर्षीय पुत्र घर में खेल रहा था। तभी गांव के ही कुछ लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि हमलावरों ने महिला के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव में आए उसके बेटे को भी पीटा गया, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर किसी तरह मां-बेटे को बचाया जा सका।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे जमीन पर घसीटते हुए अभद्रता की। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि इससे पहले भी आरोपियों के खिलाफ थाना ढोलना में मुकदमा दर्ज है, जिसे वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर दोबारा हमला किया गया।