जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा गंजडुंडवारा के रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतका की पहचान संगीता पत्नी गिरीश चंद्र भारद्वाज, निवासी ग्राम देहली बुजुर्ग, थाना सिढ़पुरा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कासगंज से अनवरगंज जा रही ट्रेन के सामने महिला आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि महिला ने हादसे से पहले रेलवे स्टेशन की पटिया पर अपने गांव का नाम लिख दिया था। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने संबंधित थाने से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी और मृतका की शिनाख्त कराई।
परिजनों के मुताबिक, महिला शनिवार सुबह स्नान और पूजा-पाठ करने के बाद फर्रुखाबाद जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उन्हें इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि वह इस तरह का कदम उठा लेंगी। पुलिस से सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गई हैं। उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। चार बच्चों का विवाह हो चुका है, जबकि 17 वर्षीय बेटी रानी अविवाहित है। बड़े बेटे का नाम अनूप और छोटे का अंशुल बताया गया है। पति गिरीश चंद्र भारद्वाज खेती करते हैं और पैर से दिव्यांग बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है,हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।