जागरण टुडे, अंकित पंडित सोरों / कासगंज ।
23 मार्च को लगभग सुबह 11:50 बजे मानपुर नगरिया स्थित दो पहिया कट पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूटी संख्या UP 81 CJ 4319 पर सवार बिलाल पुत्र अमीनुद्दीन (लगभग 25 वर्ष) और सानू पुत्र साकिर (लगभग 23 वर्ष), निवासी क्वारसी, जनपद अलीगढ़, अपने रिश्तेदारी गांव उड़ेर पुख्ता से वापस अलीगढ़ लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वे मानपुर नगरिया के पास स्थित दो पहिया कट पर पहुंचे, उसी दौरान मल्लाह नगर प्लांट से कछला की ओर जा रहा डंपर ट्रक संख्या UP 87 AT 2668 सामने से आ गया। दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की सहायता की। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को उनके परिजनों की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुचारु रूप से चालू कराया। दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और डंपर को सड़क से हटवा दिया गया है ताकि यातायात में किसी प्रकार की बाधा न हो।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है तथा हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।