जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज की तहसील पटियाली परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त अलीगढ़ श्रीमती संगीता सिंह ने खुद जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस के दौरान कुल 45 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान एक 70 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा आयुष्मान कार्ड न बनने की शिकायत सामने आई, जिस पर मंडलायुक्त संगीता सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र व्यक्ति किसी भी हालत में योजना के लाभ से वंचित न रहे और कार्ड बनने के बाद उन्हें तत्काल अवगत कराया जाए। इस संवेदनशील पहल ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच सकारात्मक संदेश दिया।
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि आयुष्मान योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, इसलिए पात्र लाभार्थियों को समय पर इसका लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवसों के अवसर पर विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस एवं सामाजिक योजनाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है, इसलिए इसे गंभीरता से लिया जाए।
इस दौरान जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं मंडलायुक्त के समक्ष रखीं।