जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
उत्तर प्रदेश सरकार के सफल 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कासगंज के विकास भवन परिसर में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को सीधे आमजन और अन्नदाताओं तक पहुँचाना रहा। उपनिदेशक कृषि की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 400 किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विकास भवन परिसर सरकारी योजनाओं के स्टालों से पटा नजर आया, जहाँ किसानों को विभिन्न विभागों की जानकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर जिला सूचना विभाग द्वारा आयोजित 'नुक्कड़ नाटक' विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसके माध्यम से कलाकारों ने अत्यंत सरल और मनोरंजक ढंग से सरकारी योजनाओं का संदेश ग्रामीणों तक पहुँचाया।
तकनीकी सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र मोहनपुरा के वैज्ञानिकों ने किसानों की आय दोगुनी करने के गुर सिखाए। वैज्ञानिक डॉ. अंकित भदौरिया ने बागवानी और पुष्पोत्पादन की नवीन तकनीकों पर प्रकाश डाला, तो वहीं डॉ. रितेश कुमार ने लहसुन, प्याज और मसाला फसलों के बेहतर प्रबंधन की जानकारी दी। महिला किसानों और लघु उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए डॉ. अदिति दत्त ने अचार, मुरब्बा, जैम और जैली जैसे मूल्य संवर्धित उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार के तरीके बताए।
उप कृषि निदेशक महेन्द्र सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं पर चर्चा करते हुए किसानों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। कार्यक्रम के समापन सत्र में जिला उद्यान अधिकारी श्री रवि चन्द्र जयसवार ने मुख्यमंत्री औद्यानिक विकास योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी महत्वपूर्ण कड़ियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि किसानों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव देने के लिए ग्राम पहाड़पुर के पॉलीहाउस में शिमला मिर्च की खेती और ग्राम मैमड़ी में वैज्ञानिक विधि से शाकभाजी के प्रक्षेत्रों का भ्रमण भी कराया गया।
सत्र के अंत में जिला उद्यान अधिकारी ने उपस्थित वैज्ञानिकों, अधिकारियों और प्रगतिशील किसानों का आभार व्यक्त करते हुए गोष्ठी का समापन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान किसानों के लिए जलपान और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।