जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
लंबे समय से रेल सुविधा की मांग कर रहे जिलेवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र सरकार ने बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस (14315/14316) का विस्तार बदायूं होते हुए कासगंज रेलवे स्टेशन तक करने को मंजूरी दे दी है। इससे अब कासगंज के यात्रियों को सीधे राजधानी दिल्ली तक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी, जिससे सफर आसान और समयबद्ध होगा।
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में इसकी पुष्टि की गई है। यह स्वीकृति केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के 20 नवंबर 2025 को भेजे गए प्रस्ताव के संदर्भ में दी गई है। इस निर्णय को क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस फैसले से अब कासगंज सहित आसपास के जिलों के लोगों को दिल्ली जाने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह ट्रेन सीधी कनेक्टिविटी देगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस ट्रेन के विस्तार से कासगंज, बदायूं और बरेली मंडल के बीच आवागमन को नई गति मिलेगी। दैनिक यात्रियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के लिए यह सेवा बेहद लाभकारी साबित होगी। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और निवेश व पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि की भी उम्मीद है।
अब सीधे दिल्ली की यात्रा संभव
अब तक कासगंज और बदायूं से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को बरेली के जरिए सफर करना पड़ता था या फिर बस व निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। इस नई सुविधा से पहली बार सीधे ट्रेन से दिल्ली पहुंचना संभव होगा, जिससे बसों में भी भीड़ कम होने की उम्मीद है।
ट्रेन की समय-सारिणी
यह ट्रेन कासगंज से सुबह 2:50 बजे रवाना होकर 3:45 बजे बदायूं पहुंचेगी, जहां 5 मिनट का ठहराव रहेगा। इसके बाद 4:45 बजे बरेली जंक्शन पहुंचकर 4:55 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 10:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन दिल्ली से शाम 4:35 बजे चलकर रात 9:50 बजे बरेली पहुंचेगी, फिर बदायूं होते हुए रात 12:10 बजे कासगंज पहुंचेगी।
इस फैसले से कासगंज को सीधी राजधानी कनेक्टिविटी मिलने जा रही है, जो जिले के विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती है।