जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में व्यापारी सुरक्षा को लेकर कासगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के अंतर्गत जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार व क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना।
एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद के व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध वसूली, धमकी या असामाजिक तत्वों द्वारा व्यापारियों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
गोष्ठी के दौरान व्यापारियों को पुलिस हेल्पलाइन नंबरों एवं आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग और समन्वय बना रहेगा।
आपको बता दे कासगंज पुलिस द्वारा जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ व्यापारियों को भी सुरक्षित वातावरण मिल सके।