जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज विकास भवन परिसर में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी की गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण दिव्यांगजनों को वितरित किए गए। इनमें 88 ट्राईसाइकिल, 20 स्मार्ट कैन, 6 कान की मशीन, 40 जोड़ी बैसाखी, 5 ब्रेल किट तथा 50 व्हीलचेयर शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनने और सहज रूप से अपने कार्य करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि दिव्यजन समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ऐसे कार्यक्रम उनके जीवन को आसान और सम्मानजनक बनाने की दिशा में अहम कदम हैं।
सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।