Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS सोरों ब्लॉक के मल्लाहनगर में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीणों ने उठाई समाधान की मांग

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 26, 2026

KASGANJ NEWS सोरों ब्लॉक के मल्लाहनगर में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीणों ने उठाई समाधान की मांग


जागरण टुडे, अंकित पंडित,कासगंज

 जनपद के सोरों विकासखंड की ग्राम पंचायत मल्लाहनगर में इन दिनों जलभराव और कीचड़ की समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। गांव की कई गलियां पानी से लबालब भरी हुई हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक दुश्वार हो गया है। खासकर गांव के बीच स्थित तिराहे पर चारों ओर पानी जमा होने से हालात बेहद खराब हो गए हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या से सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और स्कूली छात्रों को हो रही है। उन्हें रोजाना कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे कई बार फिसलने और चोट लगने का खतरा बना रहता है। बाइक सवार भी अक्सर फिसल जाते हैं, जिससे न केवल उनके कपड़े खराब होते हैं बल्कि दुर्घटना का भी डर बना रहता है।



स्थिति इतनी खराब है कि वाहनों के गुजरने पर पानी और कीचड़ उछलकर आसपास के मकानों और राहगीरों पर गिरता है। इससे लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं और वातावरण भी गंदा बना रहता है। जलभराव के कारण मच्छर और कीट-पतंगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान द्वारा इस मोहल्ले में कोई ठोस विकास कार्य नहीं कराया गया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वहीं, इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय कश्यप का कहना है कि गांव में उपलब्ध बजट के अनुसार विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ गलियों में अब भी समस्याएं बनी हुई हैं, जिन्हें भविष्य में मिलने वाले बजट के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान अपनी मांग रखने वालों में जगदीश चंद्र, अरविंद कुमार, सुनील कुमार, रवि कुमार, दीपक, खुशीराम, जसबीर, राहुल, श्रीमती कृष्णा देवी, श्रीमती रूपवती, श्रीमती मोरकली और संजीव कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.