जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
लोकसभा के बजट सत्र में क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को एक बार फिर मजबूती से उठाते हुए एटा क्षेत्र से सपा सांसद देवेश शाक्य ने लोअर पैरेलल गंगा कैनाल में हो रहे हादसों, नदरई क्षेत्र में बढ़ते अपराध, झाल के पुल क्षेत्र मे चल रहे सुंदरीकरण कार्यों की गुणवत्ता और नदरई मे स्थायी पुलिस चौकी की आवश्यकता पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
सांसद देवेश शाक्य ने कहा कि वह लगातार सदन मे लोकसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठा रहे हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान दिला रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने नहर हादसों और सुरक्षा व्यवस्था का गंभीर मुद्दा उठाया।
उन्होंने सदन मे कहा कि कासगंज के पास से गुजरने वाली पक्की नहर में गिरने वाले पशु बाहर नहीं निकल पाते, जिससे उनकी मौत हो जाती है। वहीं बगल की कच्ची, गहरी और मगरमच्छों से भरी नहर हर साल सैकड़ों लोगों की जान ले रही है। सांसद ने पक्की नहर पर हर 100 मीटर की दूरी पर सीढ़ियां बनाने और कच्ची नहर में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनडीआरएफ की स्थायी टीम तैनात करने की मांग की।
वही नदरई झाल पुल क्षेत्र में चल रहे सुंदरीकरण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। उन्होंने इस कार्य की जांच टीएसी से कराने और जांच के बाद ही ठेकेदार को भुगतान किए जाने की मांग रखी।
इसके अलावा नदरई क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं, लेकिन अपराधियों का जमावड़ा भी बना रहता है। पूर्व में लूट, हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो चुकी हैं।
सांसद देवेश शाक्य ने विशेष रूप से मांग की कि दुष्कर्म की घटना के बाद बनाई गई अस्थायी पुलिस चौकी को अब स्थायी किया जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और लोगों में भयमुक्त वातावरण स्थापित हो।
आपको बता दे सांसद देवेश शाक्य द्वारा लगातार सदन में कासगंज क्षेत्र की आवाज उठाए जाने से क्षेत्रीय जनता में उम्मीद जगी है कि नहर सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और विकास कार्यों की गुणवत्ता में जल्द ही ठोस सुधार देखने को मिलेगा।