जागरण टुडे, कासगंज
कासगंज जनपद के पटियाली कस्बे में रविवार तड़के एक 45 वर्षीय महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना पटियाली कस्बा स्थित मोहल्ला न्यू कॉलोनी में हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पूनम (45 वर्ष) पत्नी धीरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ घर के एक कमरे में सो रही थीं। देर रात वह उठीं और जिस कमरे में सो रही थीं, उसे बाहर से बंद कर दूसरे कमरे में चली गईं, जहां उन्होंने दुपट्टे का फंदा बनाकर खिड़की से लटककर आत्महत्या कर ली।
सुबह तड़के उनके बेटे रिक्की जब पशुओं को चारा डालने के लिए उठे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। शोर मचाने पर उनके ताऊ ध्रुव सिंह ने दरवाजा खोला। इसके बाद पास के कमरे में पूनम का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतका के मायके पक्ष के लोग भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी अजय वीर सिंह ने बताया कि मृत्यु के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।