मथुरा में लोगों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग योजना से जुड़ सकें।
सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बाढ़पुरा सदर क्षेत्र स्थित सैनी धर्मशाला में आयोजित आयुष्मान कैंप का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित टीम को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कई ऐसे लाभार्थी हैं, जिनके आयुष्मान कार्ड तकनीकी या अन्य कारणों से नहीं बन पा रहे हैं। इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि मौके पर ही उनकी समस्याओं का समाधान कर कार्ड बनाए जा सकें। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद उपयोगी है, इसलिए इसका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और अपने आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लाभार्थियों को योजना से जुड़ी जानकारी भी दी।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व आयुष्मान भारत कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजीव यादव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार, जिला प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित सिंह, अर्बन कोऑर्डिनेटर फौजिया खानम, लक्ष्मी नगर अर्बन हेल्थ पोस्ट के फार्मासिस्ट जितेंद्र सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।