Thursday, April 2, 2026

KASGANJ NEWS भाकियू आजाद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर 60 हजार हड़पने का आरोप, केस से नाम निकलवाने का दिया था झांसा

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: March 31, 2026

KASGANJ NEWS भाकियू आजाद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर 60 हजार हड़पने का आरोप, केस से नाम निकलवाने का दिया था झांसा

जागरण टुडे,कासगंज

जनपद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें बृजेश यादव (भारतीय किसान यूनियन आजाद के राष्ट्रीय अध्यक्ष) पर एक पीड़ित व्यक्ति से केस से नाम निकलवाने के नाम पर 60 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह ग्राम उलीपुर पोस्ट म्यासुर, थाना सुन्नगढी का निवासी है। उसके अनुसार, कुछ समय पहले उसके और उसके भाई के बीच मारपीट हो गई थी, जिसके चलते उसके भाई ने उसके खिलाफ सुन्नगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसी दौरान उसकी मुलाकात भाकियू आजाद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश यादव से हुई।

आरोप है कि बृजेश यादव ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि वह उसके केस से नाम निकलवा देंगे, लेकिन इसके लिए एक लाख रुपये की मांग की। काफी बातचीत के बाद पीड़ित ने उन्हें 60 हजार रुपये दे दिए। पीड़ित का कहना है कि पैसे लेने के बाद न तो उसका नाम मुकदमे से हटवाया गया और न ही रकम वापस की गई।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे लगातार टालमटोल किया गया। काफी समय बीत जाने के बावजूद जब न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही पैसे लौटाए गए, तब उसने मजबूर होकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।

पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

अब देखना होगा कि जांच के बाद इस मामले में क्या सच्चाई सामने आती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.